प्यार ने एक बार फिर टीवी एक्ट्रेस पवित्रा पुनिया (Pavitra Punia) के जीवन में दस्तक दी है और इस बार लगता है कि यह रिश्ता लंबे समय तक चलने वाला है. ‘बिग बॉस 14’ में अपनी दमदार मौजूदगी और एजाज़ खान के साथ चर्चित रिश्ते के कारण सुर्खियों में रहने वाली पवित्रा अब फिर से प्यार में हैं. इस बार उनका दिल एक ऐसे इंसान पर आया है जो किसी फिल्मी दुनिया से नहीं, बल्कि बिज़नेस की दुनिया से ताल्लुक रखता है.
खबरों के मुताबिक, पवित्रा ने मुंबई के एक बिज़नेसमैन के साथ सगाई कर ली है. दोनों पिछले कुछ महीनों से एक-दूसरे के बेहद करीब आ गए थे और अब उन्होंने अपने रिश्ते को एक नया नाम देने का फैसला किया है. हाल ही में पवित्रा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ खूबसूरत तस्वीरें शेयर कीं, जिनमें उनके मंगेतर ने उन्हें बीच साइड पर शादी के लिए प्रपोज़ किया.
पवित्रा ने तस्वीरों के साथ कैप्शन लिखा-
‘❤️ Locked in. Love made it official. #PavitraPunia soon to be Mrs. ___ #NS’ इस पोस्ट में उन्होंने अपने मंगेतर का चेहरा नहीं दिखाया, लेकिन लाल रंग के खूबसूरत गाउन में वह बेहद दिलकश लग रही थी. उनके हाथ में चमकती हुई हीरे की बड़ी अंगूठी उनके नए सफर की गवाह बनी.
प्यार दोबारा पाने की खुशी
पवित्रा ने इस खुशखबरी की पुष्टि करते हुए हिंदुस्तान टाइम्स से कहा, ‘हां, मुझे फिर से प्यार मिल गया है और इस साल दिवाली मेरे लिए बहुत खास होने वाली है क्योंकि मैं इसे उनके परिवार के साथ मनाऊंगी.’ उन्होंने आगे बताया कि उनके मंगेतर और उनका परिवार विदेश में रहते हैं, इसलिए वह दिवाली उनके साथ मनाने के लिए विदेश जाएंगी. पवित्रा ने मुस्कुराते हुए कहा, ‘थोड़ा दुख है कि मैं अपने परिवार के साथ दिवाली नहीं मना पाऊंगी, लेकिन मैं बहुत खुश हूं कि मुझे कोई ऐसा मिला है जो मुझे समझता है और मेरे साथ खुश है.’
कौन हैं पवित्रा के मंगेतर?
पवित्रा ने बताया कि उनके होने वाले पति कोई एक्टर नहीं हैं. उन्होंने कहा, ‘वह अमेरिका के एक बिज़नेसमैन हैं, एक्टर बिल्कुल नहीं. बहुत ही अच्छे इंसान हैं ईमानदार, दयालु और समझदार। हम पिछले कुछ समय से एक-दूसरे को जान रहे हैं और अब सब कुछ सही लग रहा है.’ उनके इस बयान से साफ है कि पवित्रा अब एक स्थिर और सुकूनभरा रिश्ता जीना चाहती हैं, जहां चमक-दमक से ज़्यादा भरोसा और समझदारी हो.
एजाज़ खान से लेकर नए रिश्ते तक
पवित्रा पुनिया और एजाज़ खान की कहानी ‘बिग बॉस 14’ के दौरान शुरू हुई थी। दोनों की नोकझोंक, इमोशनल मोमेंट्स और गहरी केमिस्ट्री ने उन्हें शो के सबसे चर्चित जोड़ों में से एक बना दिया था। एजाज़ ने शो में कहा था, ‘मैं उससे प्यार करता हूँ। मेरा इरादा सच्चा और पवित्र है.’ शो के बाद भी उनका रिश्ता कुछ समय तक चला. एजाज़ ने पवित्रा को अपने परिवार से मिलवाया, दोनों साथ में रहने लगे और फैन्स को लगने लगा कि अब ये रिश्ता शादी में बदलेगा। लेकिन किस्मत को कुछ और मंज़ूर था. 2024 की शुरुआत में, पवित्रा ने अपने रिश्ते के अंत की पुष्टि की. उन्होंने कहा, ‘हर चीज़ की एक अवधि होती है. हमारा रिश्ता भी अपनी अवधि पूरी कर चुका था. एजाज़ और मैं कुछ महीने पहले अलग हो गए, लेकिन मैं उनके अच्छे होने की कामना करती हूं.’
पवित्रा पुनिया के टीवी शो
एमटीवी के इस रियलिटी शो स्प्लिट्सविला 3 (2009) से पवित्रा ने अपने करियर की शुरुआत की थी. शो में उनके बोल्ड और कॉन्फिडेंस अंदाज़ ने लोगों का ध्यान खींचा. उन्होंने ‘लव यू ज़िंदगी’ (2010–2011) शो में लीड रोल निभाया था. यह एक रोमांटिक ड्रामा था, जिसमें उन्होंने ‘कृति’ का किरदार निभाया. पवित्रा ने ‘ये है मोहब्बतें’ (2015) हिट सीरियल में निगेटिव किदार निभाकर काफी मशहूर हुईं। इसके अलावा उन्हें ‘प्यार का दर्द है मीठा-मीठा प्यारा-प्यारा’ के लिए भी जाना जाता है.
