बॉलीवुड दिग्गज स्टार धर्मेंद्र (Dharmendra) इन दिनों सुर्खियों में हैं, लेकिन दुखद कारण से. उनके अस्पताल के आईसीयू का एक निजी वीडियो सोशल मीडिया पर लीक हो गया है. इस वीडियो में धर्मेंद्र जी अपने दोनों बेटों सनी देओल और बॉबी देओल के साथ बेड पर लेटे हुए दिख रहे हैं. वे काफी कमजोर और बीमार लग रहे हैं. यह वीडियो किसी ने चुपके से मोबाइल से बनाया और बाहर फैला दिया. इस घटना से पूरा फिल्म जगत और सोशल मीडिया पर गुस्सा और दुख है. लोग कह रहे हैं कि अस्पताल में मरीज की निजता का इतना बुरा उल्लंघन नहीं होना चाहिएय आईसीयू में तो फोन ले जाना भी मना होता है, फिर किसी ने वीडियो कैसे बना लिया? यह बहुत गलत और अनैतिक काम है.
अब इस पर अमिताभ बच्चन ने नाराजगी जाहिर की है. उन्होंने अपने एक्स हैंडल पर लिखा, ‘कोई नैतिकता नहीं… कोई भी आचार-नीति नहीं.’ उन्होंने सीधे इस वीडियो का नाम नहीं लिया, लेकिन सबको समझ आ गया कि वे इसी घटना की बात कर रहे हैं. उनके इस पोस्ट को लाखों लोग देख चुके हैं और सहमत भी हैं. अच्छी खबर यह है कि धर्मेंद्र जी अब अस्पताल से घर लौट आए हैं. उन्हें इस हफ्ते की शुरुआत में मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. कई दिन आईसीयू में रहने के बाद 12 नवंबर को डॉक्टरों ने उन्हें डिस्चार्ज कर दिया. अब वे घर पर आराम कर रहे हैं और धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं.
देओल परिवार ने की निजता की अपील
देओल परिवार ने एक ऑफिशियल बयान जारी कर सबको धन्यवाद कहा और निजता की गुजारिश की. उन्होंने लिखा, ‘धर्मेंद्र जी अब घर पर हैं और अच्छे से रिकवर कर रहे हैं. हम सभी फैंस, मीडिया और शुभचिंतकों का प्यार और प्रार्थना के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया अदा करते हैं. कृपया अब आगे कोई अफवाह न फैलाएं और इस मुश्किल समय में उनकी तथा पूरे परिवार की प्राइवेसी का सम्मान करें. वे आप सबसे बहुत प्यार करते हैं, इसलिए उनका सम्मान करें.’ इससे पहले जब धर्मेंद्र जी अस्पताल में थे, तब सोशल मीडिया पर उनकी मौत की झूठी अफवाहें बहुत तेजी से फैली थी. तब उनकी पत्नी हेमा मालिनी जी और बेटी ईशा देओल ने खुद आकर साफ किया था कि पापा बिल्कुल जिंदा हैं और ठीक हो रहे हैं.
क्या गिरफ्तार हुआ कर्मचारी
वीडियो लीक होने के तुरंत बाद कई न्यूज़ चैनल्स और वेबसाइट्स ने दावा किया कि अस्पताल के जिस कर्मचारी ने यह वीडियो बनाया, उसे पकड़ लिया गया है और गिरफ्तार कर लिया गया है. लेकिन यह खबर पूरी तरह गलत निकली. सीएनएन-न्यूज़18 ने पक्की जानकारी दी है कि अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. न ही कोई कर्मचारी हिरासत में है. हां, अस्पताल के अंदर जांच जरूर चल रही है कि आखिर यह वीडियो बना कैसे और लीक कैसे हुआ जल्दी ही सच सामने आ जाएगा.
