दीपिका पादुकोण (Deepika Padukone) और रणवीर सिंह (Ranveer Singh) ने इस दिवाली पर अपने फैंस को सबसे बड़ा और सबसे खूबसूरत तोहफा दिया. मंगलवार को दोनों ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक जॉइंट पोस्ट शेयर की, जिसमें उन्होंने पहली बार अपनी प्यारी बेटी दुआ पादुकोण सिंह का चेहरा दिखाया. इस पोस्ट में शेयर की गई तस्वीरें इतनी मनमोहक थीं कि जिसने भी देखीं, वो बस मुस्कुरा उठा.
छोटी सी दुआ तस्वीरों में मुस्कुराती नज़र आ रही थीं और अपनी नन्ही उंगली को मुँह में दबाए हुए थी. दीपिका ने अपनी बेटी को प्यार से बाहों में लिया हुआ था, जबकि रणवीर उनकी तरफ देख कर मुस्कुरा रहे थे. यह पूरा पल किसी खूबसूरत पेंटिंग जैसा लग रहा था.
दुआ का चेहरा हुआ रिवील
दिवाली के मौके पर दुआ ने लाल रंग की प्यारी सी ड्रेस पहनी थी. दीपिका ने भी लाल रंग का ही पारंपरिक आउटफिट और मैचिंग ज्वेलरी पहनी थी, जिससे मां-बेटी की ट्विनिंग देखने लायक थी. रणवीर सिंह सफेद कुर्ता-पायजामा में बहुत आकर्षक लग रहे थे. आखिरी तस्वीर में दीपिका अपनी गोद में दुआ को बैठाए पूजा करती दिखाई दी. मां-बेटी दोनों के चेहरों पर एक अलग ही शांति और खुशी झलक रही थी. इस खास पोस्ट के साथ दीपिका और रणवीर ने कैप्शन लिखा, ‘दिवाली की हार्दिक शुभकामनाएं’.
दुआओं का जवाब है दुआ
पोस्ट के आते ही सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई. एक्ट्रेस अनन्या पांडे ने लिखा, ‘हे भगवान.’ इसके अलावा हजारों फैंस ने कमेंट कर दुआ की क्यूटनेस की तारीफ की और पूरे परिवार को दिवाली की शुभकामनाएं दीं. गौरतलब है कि दीपिका और रणवीर ने 8 सितंबर 2024 को अपनी बेटी का स्वागत किया था। दोनों की शादी 2018 में हुई थी. पिछली दिवाली पर इस कपल ने अपनी बेटी के नाम का खुलासा करते हुए लिखा था, ‘दुआ जिसका अर्थ है प्रार्थना क्योंकि वह हमारी दुआओं का जवाब है. हमारे दिल प्यार और कृतज्ञता से भरे हैं.’ इस दिवाली उन्होंने उसी ‘दुआ’ का चेहरा दिखाकर सबका दिल जीत लिया.
रणवीर का वर्क फ्रंट
अब अगर उनके फिल्मी करियर की बात करें तो रणवीर सिंह के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स हैं. वह आदित्य धर की नई फिल्म और फरहान अख्तर की ‘डॉन 3’ में नज़र आएंगे. वहीं दीपिका पादुकोण को आखिरी बार रोहित शेट्टी की फिल्म ‘सिंघम अगेन’ में देखा गया था, जिसमें रणवीर, करीना कपूर, अजय देवगन, अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ जैसे बड़े कलाकार भी थे. यह फिल्म पिछले साल रिलीज़ हुई थी और बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाया था.
‘किंग’ में नजर आएंगी दीपिका
हाल ही में दीपिका को फिल्म निर्माता एटली की एक नई साइंस-फिक्शन फिल्म के लिए साइन किया गया है, जिसमें उनके साथ अल्लू अर्जुन नज़र आएंगे. यह फिल्म सन पिक्चर्स के बैनर तले बनाई जा रही है और इसका अस्थायी नाम ‘AA22 x A6’ रखा गया है. इसके अलावा दीपिका के शाहरुख खान के साथ एक और फिल्म ‘किंग’ में नज़र आने की खबरें भी हैं.

One thought on “Deepika Padukone और Ranveer Singh ने रिवील किया दुआ का फेस, प्यारी स्माइल ने जीता फैंस का दिल”