राजस्थान (Rajasthan) के एक छोटे से गांव कोटपुतली में रहने वाले अमित सेहरा की जिंदगी एकदम से बदल गई. वे जयपुर जिले के इस गाँव में रोजी-रोटी के लिए बहुत संघर्ष करते थे, लेकिन एक दिन उन्हें पंजाब सरकार की लॉटरी में पूरे 11 करोड़ रुपये का जैकपॉट मिल गया. यह रकम इतनी बड़ी है कि उनकी सारी मुश्किलें एक झटके में दूर हो गईं.
अमित सेहरा ने बताया कि वे अपने दोस्त के साथ पंजाब के मोगा घूमने गए थे. वहां उन्होंने भटिंडा से दो लॉटरी टिकट खरीदे एक अपने लिए और एक अपनी पत्नी के लिए. टिकट खरीदने के लिए उन्होंने अपने दोस्त से 1,000 रुपये उधार लिए थे. हैरानी की बात यह हुई कि उनकी पत्नी का टिकट 1,000 रुपये जीता, और उनका अपना टिकट 11 करोड़ रुपये का इनाम लेकर आया.
ये बहुत बड़ा चमत्कार है
अमित बहुत खुश हैं, उन्होंने मीडिया को बताया, ‘मैं कोटपुतली गांव का रहने वाला हूं. मैं अपनी खुशी के बारे में शब्दों में बता नहीं सकता. आज मेरे सारे दुख और तकलीफें खत्म हो गईं. मैं पंजाब सरकार और लॉटरी एजेंसी का दिल से शुक्रिया करता हूं. मैं भगवान हनुमान का बहुत बड़ा भक्त हूं, और मुझे लगता है कि उनकी कृपा से यह चमत्कार हुआ.
बैंक खाते में डाली जाएगी धनराशी
लॉटरी एजेंसी के अधिकारी ने भी इसकी पुष्टि की. उन्होंने कहा, ‘अमित सेहरा दिवाली बंपर लॉटरी के सबसे बड़े विजेता हैं. वे 11 करोड़ रुपये का दावा करने हमारे कार्यालय आए. उन्होंने भटिंडा से टिकट खरीदा था. सभी जरूरी कागजात जमा करने के बाद रकम उनके बैंक खाते में डाल दी जाएगी.’
समझदारी इस्तेमाल करेंगे पैसे
अमित ने बताया कि वे इस पैसे का समझदारी से इस्तेमाल करेंगे. सबसे पहले वे अपने परिवार के लिए एक पक्का और अच्छा घर बनवाएंगे. फिर अपने बच्चों को अच्छी से अच्छी शिक्षा दिलवाएंगे. इसके अलावा, जिस दोस्त ने उन्हें टिकट खरीदने में मदद की और 1,000 रुपये उधार दिए, उसे वे विशेष रूप से धन्यवाद देना चाहते हैं.
दोस्त की बेटियों को देंगे 50 लाख रूपए
अमित ने कहा, ‘मेरी मां गुजर चुकी हैं, इसलिए मैं बेटियों की परेशानी अच्छे से समझता हूं मैं अपने दोस्त की दोनों बेटियों को 50-50 लाख रुपये दूंगा, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो. बाकी पैसे से मैं अपने बच्चों की पढ़ाई और घर का इंतजाम करूंगा.’ अमित ने लोगों से अपील की कि वे भी पंजाब सरकार की लॉटरी योजना का फायदा उठाएं, उन्होंने कहा, ‘मेरी दुआ है कि हर गरीब इंसान की मुश्किलें दूर हों और सबकी जिंदगी खुशहाल हो.’

One thought on “राजस्थान के शख्स ने 1000 उधार लेकर खरीदा टिकट, निकली 11 करोड़ की लॉटरी! दोस्त की मदद को आया आगे”