भोजपुरी सिनेमा के मशहूर पावर स्टार पवन सिंह (Pawan Singh) इन दिनों फिल्मों से ज़्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर चर्चा में हैं. बिहार विधानसभा चुनाव के माहौल के बीच उनकी शादीशुदा ज़िंदगी में काफी हलचल मची हुई है. बीते कई महीनों से उनकी पत्नी ज्योति सिंह सोशल मीडिया पर लगातार अपने पति के खिलाफ बयान दे रही हैं और उन पर गंभीर आरोप लगा रही हैं. ज्योति का कहना है कि पवन सिंह उन्हें पत्नी का दर्जा नहीं दे रहे, जबकि पवन सिंह का कहना है कि उनका तलाक का केस कोर्ट में चल रहा है.
खबरों के अनुसार, अब यह रिश्ता टूटने की कगार पर पहुंच गया है. पवन सिंह और ज्योति सिंह के बीच समझौते की सारी कोशिशें बेकार होती दिख रही हैं. हाल ही में ज्योति अपने पति के घर पहुंचीं और उन्होंने वहां ‘पत्नी के अधिकार’ की बात करते हुए सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो भी किया. उस दौरान उन्होंने पवन सिंह पर कई आरोप लगाए और कहा कि उन्हें न्याय चाहिए. लेकिन, सूत्रों का कहना है कि पवन सिंह अब किसी भी समझौते के लिए तैयार नहीं हैं. वहीं, अब एलिमनी को लेकर दोनों के बीच विवाद और गहराता जा रहा है.
एलिमनी को लेकर बड़ा दावा
पवन सिंह के वकील ने हाल ही में एक बड़ा बयान दिया है. उन्होंने बताया कि ज्योति सिंह ने तलाक के बदले 30 करोड़ रुपये की एलिमनी की मांग की है। यानी, अगर दोनों का तलाक होता है, तो ज्योति चाहती हैं कि पवन सिंह उन्हें 30 करोड़ रुपये दें. वकील ने कहा कि ज्योति सिंह ने कोर्ट में मेंटेनेंस (भरण-पोषण) का केस दर्ज किया हुआ है. जब तक कोर्ट इस मामले में कोई फैसला नहीं सुनाता, तब तक उनके बयानों का कोई मतलब नहीं है.’ उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया में इस तरह की बातें फैलाना गलत है. कोर्ट में जो भी बात तय होगी, वही अंतिम होगी.
फैसला कोर्ट करेगा
पवन सिंह के वकील ने यह भी कहा कि ज्योति सिंह चाहे जितनी बड़ी रकम की मांग कर लें, अंत में फैसला कोर्ट ही करेगा. कोर्ट पवन सिंह की कमाई, संपत्ति और जीवन-शैली देखकर तय करेगा कि उन्हें कितनी रकम देनी है. उन्होंने यह भी कहा कि इतनी सार्वजनिक बेइज्जती के बाद अब साथ रहना मुश्किल है. दोनों को शांति से बैठकर समाधान निकालना चाहिए, लेकिन अब स्थिति काफी बिगड़ चुकी है.
शादी और विवाद
आपको बता दें कि पवन सिंह ने साल 2018 में ज्योति सिंह से शादी की थी. यह उनकी दूसरी शादी थी. इससे पहले भी पवन सिंह की पहली शादी दुखद रूप से खत्म हुई थी. ज्योति से शादी के बाद शुरुआती कुछ महीने सब ठीक चले, लेकिन धीरे-धीरे मनमुटाव और झगड़े बढ़ने लगे. इसके बाद दोनों अलग-अलग रहने लगे और फिर कोर्ट में तलाक का केस दाखिल किया गया. पिछले कुछ महीनों से यह मामला मीडिया और सोशल मीडिया दोनों में खूब चर्चा में है.
मेरी जैसी अभागन न बने…
हाल ही में ज्योति सिंह ने करवा चौथ मनाया था जिसका वीडियो उन्होंने अपने इंस्टा हैंडल पर पोस्ट किया गया. जिसके कैप्शन में लिखा था, ‘पत्नी होने के नाते अपना कर्तव्य निभाती रहूंगी, पर भगवान से बस यही दुआ है मेरी जैसी अभागन कोई और न बने. सभी माताओं एवं बहनों को करवा चौथ की हार्दिक शुभकामनाएं!.’ उनका यह वीडियो तब आया जब वह कुछ दिन पहले पवन सिंह से मिलने लखनऊ उनके निवास पर पहुंची थी. वहां तैनात सुरक्षाकर्मियों और पुलिस ने उन्हें मिलने नहीं दिया था. ज्योति द्वारा शेयर किए गए वीडियो के मुताबिक वह वहां रोती बिलखती रही. लेकिन सुरक्षाकर्मियों ने उन्हें अंदर जाने से रोका। हालांकि एक दिन बाद पवन सिंह का बयान सामने आया. जिसमें उन्होंने दावा किया कि ज्योति उनके घर के पास वाली सोसाइटी में आई थी. उन्हें घर में बुलाया गया और डेढ़ घंटा उनसे बात हुई. पवन ने दावा किया कि ज्योति बार बार उनपर चुनाव लड़ने का दबाव बना रही है. जबकि यह अधिकार उनके क्षेत्र से बाहर है.
