
मुंबई:
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता परेश रावल ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वे सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि असल जिंदगी में भी बेहद ईमानदार और सिद्धांतवादी इंसान हैं। हाल ही में उन्होंने ‘हेरा फेरी 3’ फिल्म से अपने बाहर निकलने के बाद अक्षय कुमार की प्रोडक्शन कंपनी को ₹11 लाख का साइनिंग अमाउंट न केवल वापस किया, बल्कि उस पर 15 प्रतिशत का सालाना ब्याज भी जोड़कर चुकाया। इस फैसले ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है और प्रशंसक उनकी ईमानदारी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।
क्या है पूरा मामला ?
परेश रावल को ‘हेरा फेरी 3’ में बाबू भैया की भूमिका में एक बार फिर देखने की तैयारी हो रही थी। फैंस में जबरदस्त उत्साह था। रिपोर्ट्स के मुताबिक , परेश रावल की कुल फीस ₹15 करोड़ तय हुई थी, जिसमें से ₹11 लाख बतौर साइनिंग अमाउंट अग्रिम दिए गए थे। बाकी राशि फिल्म की रिलीज के एक महीने बाद देने का करार हुआ था।लेकिन समय बीतता गया और फिल्म की शूटिंग में लगातार देरी होती रही।
खबरों के मुताबिक, फिल्म की शूटिंग अब 2026 या 2027 तक खिंच सकती है। इस देरी और अन्य पेशेवर कारणों से परेश रावल ने प्रोजेक्ट से हटने का फैसला लिया।
पैसों से ज़्यादा है सिद्धांत .
बॉलीवुड में जहां अक्सर पैसों को लेकर विवाद सामने आते हैं, वहीं परेश रावल का यह कदम एक मिसाल के रूप में सामने आया है। उन्होंने न सिर्फ ₹11 लाख की राशि वापस की, बल्कि उस पर तय ब्याज भी जोड़ा। बताया जा रहा है कि उन्होंने अक्षय कुमार को पूरी राशि बहुत शालीनता और आदर के साथ लौटाई।इस तरह का व्यवहार बॉलीवुड में बेहद दुर्लभ है। जहां कई बार कलाकार पैसे लेने के बाद प्रोजेक्ट छोड़ देते हैं और कानूनी विवाद खड़े हो जाते हैं !
सोशल मीडिया पर सराहना की बाढ़
इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर यूजर्स ने परेश रावल की जमकर तारीफ की। एक यूज़र ने लिखा, “आज भी ऐसे कलाकार हैं जो अपने मूल्यों से समझौता नहीं करते।” वहीं कई लोगों ने कहा कि परेश रावल जैसे कलाकार ही बॉलीवुड का असली गौरव हैं।कॉमेडियन और अभिनेता जॉनी लीवर ने भी इस पर अफसोस जताते हुए कहा, “परेश भाई के बिना हेरा फेरी में मजा नहीं आएगा। बाबू भैया जैसे किरदार कोई दूसरा नहीं निभा सकता।”
अब कौन बनेगा बाबू भैया ?
परेश रावल के हटने के बाद सबसे बड़ा सवाल यही है – क्या ‘हेरा फेरी 3’ अब उतनी ही मजेदार होगी? बाबू भैया के किरदार को कौन निभाएगा? क्या दर्शक नए चेहरे को स्वीकार कर पाएंगे? फिलहाल इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन फिल्म के निर्माता विकल्प तलाश रहे हैं।
परेश रावल का यह कदम सिर्फ एक वित्तीय लेनदेन नहीं, बल्कि एक कलाकार की नैतिकता और चरित्र का उदाहरण है। आज जब बॉलीवुड को पेशेवर ईमानदारी की सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, ऐसे में परेश रावल जैसे लोग उम्मीद की किरण हैं। शायद इसीलिए उन्हें “संस्कारों वाला कलाकार” कहा जाता है।
#ParesRawal #HeraPheri3 #AkshayKumar #BabuBhaiya #BollywoodNews #IndiaTaaza

