DMRC : दिल्ली में सोमवार को हुई एक बड़ी घटना ने पूरे शहर को हिला कर रख दिया. लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास खड़ी एक कार में जोरदार धमाका हुआ था. इस धमाके में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 लोग गंभीर रूप से घायल हैं. सभी घायलों को तुरंत एलएनजेपी (LNJP) अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है. इस हादसे के बाद से ही सुरक्षा कारणों के चलते लाल किला मेट्रो स्टेशन को बंद कर दिया गया है. अब इस घटना को 24 घंटे से भी ज्यादा समय बीत चुका है, लेकिन मेट्रो स्टेशन अभी तक नहीं खोला गया है.
DMRC का नया अपडेट
दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) ने इस मामले पर एक बड़ा अपडेट देते हुए ट्वीट किया है. ट्वीट में बताया गया है कि सुरक्षा कारणों से लाल किला मेट्रो स्टेशन 12 नवंबर को भी बंद रहेगा। अन्य सभी मेट्रो स्टेशन सामान्य रूप से संचालित हैं.’ यानि अभी यात्रियों को इस मेट्रो स्टेशन से सफर करने की अनुमति नहीं है और उन्हें DMRC के अगले आदेश का इंतजार करना होगा.
दिल्ली मेट्रो पर बढ़ाई गई सुरक्षा
कार ब्लास्ट के बाद से दिल्ली मेट्रो प्रशासन और CISF (सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स) पूरी तरह अलर्ट मोड पर हैं. दिल्ली के सभी प्रमुख मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा जांच और निगरानी बढ़ा दी गई है.
- मेट्रो स्टेशनों के अंदर और बाहर दोनों जगह संदिग्ध वस्तुओं और व्यक्तियों की सघन जांच की जा रही है.
- यात्रियों के बैग और सामानों को खोलकर चेक किया जा रहा है.
- किसी भी तरह की संदिग्ध हरकत दिखने पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है.
लाल किला स्टेशन के दो गेट बंद
ब्लास्ट के बाद लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 और गेट नंबर-4 को एंट्री और एग्जिट दोनों के लिए बंद कर दिया गया है. फिलहाल स्टेशन के अंदर किसी को आने या जाने की अनुमति नहीं है. वॉयलेट लाइन पर अन्य सभी मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा जांच और कड़ी कर दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
बाकी मेट्रो सेवाएं सामान्य
DMRC ने साफ किया है कि दिल्ली मेट्रो की सभी अन्य लाइनों और स्टेशनों पर सेवाएं पूरी तरह सामान्य रूप से चल रही हैं। केवल लाल किला मेट्रो स्टेशन को अस्थायी रूप से बंद किया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे सफर से पहले DMRC के सोशल मीडिया हैंडल या वेबसाइट पर अपडेट देख लें, ताकि उन्हें असुविधा न हो.
