आईपीएल 2026 के मेगा ऑक्शन से ठीक पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा बम फूट पड़ा है! चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) का इंस्टाग्राम अकाउंट अचानक गायब हो गया. सोमवार 10 नवंबर 2025 को फैंस ने देखा कि जड्डू का ऑफिशियल इंस्टा हैंडल डीएक्टिवेट हो चुका है. लाखों फॉलोअर्स हैरान हैं और सोशल मीडिया पर #WhereIsJadeja ट्रेंड करने लगा. कई लोग इसे जडेजा के सीएसके छोड़ने की अफवाहों से जोड़कर देख रहे हैं.
खबरें तो और भी चौंकाने वाली हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईपीएल इतिहास का सबसे बड़ा ट्रेड होने जा रहा है! राजस्थान रॉयल्स (आरआर) अपने कप्तान और विकेटकीपर-बल्लेबाज संजू सैमसन को चेन्नई सुपर किंग्स को सौंपने वाली है, और बदले में सीएसके से रवींद्र जडेजा और इंग्लैंड के ऑलराउंडर सैम कुरेन को लेगी यानी संजू सैमसन अब पीली जर्सी में धोनी की तरह विकेटकीपिंग करते नजर आएंगे, तो जड्डू फिर से राजस्थान की गुलाबी जर्सी में वापसी करेंगे! यह ट्रेड अगर हो गया तो आईपीएल के 18 साल के इतिहास में सबसे हाई-प्रोफाइल डील होगी.
जडेजा का योगदान
रवींद्र जडेजा को तो सीएसके का ‘सर जडेजा’ कहा जाता है. 2012 से वे चेन्नई के साथ हैं और दो साल के सस्पेंशन को छोड़कर पूरे एक दशक से टीम की रीढ़ की हड्डी बने हुए हैं. सीएसके ने जिन 5 आईपीएल ट्रॉफी जीती हैं, उनमें से 3 में जडेजा का बहुत बड़ा योगदान रहा है. 2025 मेगा ऑक्शन से पहले सीएसके ने उन्हें कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बाद दूसरा सबसे महंगा रिटेन किया था पूरे 18 करोड़ रुपये में! जडेजा ने आईपीएल में अब तक 254 मैच खेले हैं, जो पूरे टूर्नामेंट में पांचवां सबसे ज्यादा है. गेंदबाजी में उन्होंने 143 विकेट चटकाए हैं और सीएसके के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बॉलर हैं. उनका बेस्ट फिगर 5/16 है। बल्लेबाजी में भी वे कमाल करते हैं 2023 फाइनल में गुजरात टाइटंस के खिलाफ आखिरी ओवर में 10 रन डिफेंड करके सीएसके को पांचवीं ट्रॉफी दिलाई थी. उस सीजन उन्होंने 20 विकेट लिए थे, जो उनका बेस्ट बॉलिंग सीजन था. 2025 में भी उन्होंने दो हाफ-सेंचुरी के साथ 301 रन ठोके थे.
नियमों के खिलाफ चले गए थे जडेजा
दिलचस्प बात यह है कि राजस्थान रॉयल्स ही जडेजा की पहली आईपीएल टीम थी! 2008 में सिर्फ 19 साल की उम्र में उन्होंने आरआर के लिए डेब्यू किया था और शेन वॉर्न की कप्तानी में पहला आईपीएल खिताब जीतने वाली टीम का हिस्सा बने थे. पहले दो सीजन आरआर के लिए खेले, लेकिन 2010 में आईपीएल ने उन्हें एक साल का बैन लगा दिया था क्योंकि उन्होंने मुंबई इंडियंस से सीधे कॉन्ट्रैक्ट की बात की थी, जो नियमों के खिलाफ था. बैन के बाद 2011 में कोच्चि टस्कर्स के लिए खेले और फिर 2012 से सीएसके के हो गए। अब 17 साल बाद जड्डू की घर वापसी हो सकती है!.
सीएसके को संजू बहुत पसंद हैं
संजू सैमसन की बात करें तो वे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान हैं और टीम की जान. लेकिन सीएसके को संजू बहुत पसंद हैं. एक सीनियर सीएसके ऑफिशियल ने पीटीआई को बताया, ‘सबको पता है कि हम संजू को चाहते हैं. हमने ट्रेड विंडो में अपनी दिलचस्पी जाहिर की है. आरआर अभी सोच रहा है, लेकिन हमें पूरा यकीन है कि अगले सीजन संजू सीएसके की जर्सी में नजर आएंगे.’ दोनों टीमों को आईपीएल गवर्निंग काउंसिल को लेटर देना होगा, जिसमें तीनों खिलाड़ियों के नाम होंगे. खिलाड़ियों की लिखित सहमति के बाद डील फाइनल होगी और काउंसिल अप्रूव करेगी.
ऑफिशियल अनाउंसमेंट का इंतजार
अभी तक किसी टीम ने ऑफिशियल अनाउंसमेंट नहीं किया है, लेकिन इंस्टा डीएक्टिवेट होने से अफवाहों ने जोर पकड़ लिया है. फैंस दो गुटों में बंट गए हैं – एक तरफ सीएसके फैंस रो रहे हैं कि जड्डू मत जाओ, दूसरी तरफ आरआर फैंस खुश हैं कि सर जडेजा वापस आ रहे हैं. सैम कुरेन भी इस डील का हिस्सा हैं, जो सीएसके के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं.
